जशपुरनगर / जिले में कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन में अवैध धान परिवहन और संग्रहण के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी सिद्ध
हो रहा है। सहायक कलेक्टर श्री अशोक अनिकेत ने बताया कि जिला प्रशासन, खाद्य विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों के तहत अब तक 1500 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि लोदाम, जशपुर, कुनकुरी, पंडरीपानी, फरसाबहार तथा अन्य क्षेत्रों में की गई कार्यवाहियों में कुल 1508 क्विंटल अवैध धान पकड़ा गया है। यह कार्रवाई तब की गई जब परिवहन कर रहे वाहनों के पास आवश्यक वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। जब्त धान को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार किया गया है। कलेक्टर श्री व्यास ने स्पष्ट निर्देश दिए है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पात्र किसानों का हित सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
चार बैरियर पर कड़ी निगरानी – सीसीटीवी से 24×7 मॉनिटरिंग-
सहायक कलेक्टर श्री अशोक अनिकेत ने बताया कि अवैध धान परिवहन की गतिविधियों को रोकने जिला प्रशासन ने साइटांगरटोली, पीड़ी, सकरडेगा और बालमंडा चार प्रमुख बैरियरों पर कड़ी निगरानी की व्यवस्था की है। वाहनों की
जांच के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे झारखंड और ओडिशा जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध धान प्रवेश न कर सके। किसी भी वाहन में अवैध परिवहन पाए जाने पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई की जा रही है तथा वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
टोकन का भौतिक सत्यापन – अनियमितता पर तुरंत निरस्तीकरण –
खरीदी केंद्रों में जारी टोकन का भौतिक सत्यापन भी कराया जा रहा है। सत्यापन में निर्धारित मात्रा से कम या अनियमित धान पाए जाने पर संबंधित टोकन निरस्त किए जा रहे हैं, ताकि केवल वास्तविक किसान को ही खरीदी का लाभ मिल सके। प्रशासन का कहना है कि सही किसान का धान ही सहकारी समिति तक पहुँचे, यही शासन की मंशा है। जिला प्रशासन ने पुनः स्पष्ट किया है कि बिचौलियों तथा अवैध कारोबारी तत्वों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। सभी किसानों से अपील की गई है कि वे जागरूक रहें, प्रशासन का सहयोग करें तथा कहीं भी अवैध भंडारण या परिवहन की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचित करें, ताकि पंजीकृत किसान सुचारू रूप से अपना धान समितियों में बेच सकें।










