अंबिकापुर। सरगुजा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने रविवार को सीतापुर थाना क्षेत्र के जजगा इलाके में कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से गांजा सप्लाई करने आए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 22.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मामले की जानकारी देते हुए सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 24 मई 2026 को विभागीय टीम सीतापुर थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम बंदना मेन रोड से मैनपाट की
ओर जा रही थी। जजगा पुलिया के पास एक महिला और एक पुरुष उड़ीसा नंबर की टीवीएस जूपिटर वाहन के साथ दो बोरियों के पास खड़े दिखाई दिए। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर टीम ने वाहन रोककर पूछताछ शुरू की।
आबकारी अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों घबरा गए। जब बोरियों की जांच की गई तो उसमें गांजा भरा मिला। पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम रूपनाथ यादव और महिला ने अपना नाम इच्छा यादव बताया। दोनों पति-पत्नी हैं। रूपनाथ यादव मूल रूप से बंदना थाना क्षेत्र का निवासी है, लेकिन उसने उड़ीसा निवासी इच्छा यादव से विवाह किया है और वर्तमान में उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले के किंजीर कला थाना अंतर्गत ग्राम रस्टी में रह रहा था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लेकर सरगुजा क्षेत्र में सप्लाई करने आए थे। जब्त गांजे की तौल करने पर उसका कुल वजन 22.600 किलोग्राम पाया गया। विभाग ने एनडीपीएस
एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आने वाले अधिकांश गांजे की आपूर्ति उड़ीसा से होती है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह एवं चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।









