‘मोमेंट इन टाइम’….विष्णु के दशावतारों पर आधारित भव्य कला प्रदर्शनी

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
अम्बिकापुर । 6 मई से नई दिल्ली स्थित विजुअल आर्ट गैलरी में एक अद्वितीय समूह कला प्रदर्शनी मोमेंट इन टाइम का शुभारंभ हुआ, जो 10 मई 2025 तक चलेगी। इस विशेष आयोजन का संयोजन श्री आर्ट गैलरी द्वारा किया गया है, और क्यूरेटर हैं प्रतिष्ठित कला संरक्षक और विद्वान जितेन्द्र पदम जैन।
इस प्रदर्शनी का केंद्रबिंदु है भगवान विष्णु के दशावतार । वे दस दिव्य अवतार जिन्होंने समय-समय पर सृष्टि की रक्षा के लिए अधर्म का नाश कर धर्म की पुनः स्थापना की। इस अवसर पर 21 अंतरराष्ट्रीय और 21 भारतीय कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। भारतीय कलाकारों में के. जी. सुब्रह्मण्यम, हाकू शाह, जोगेन चौधरी जैसे ख्यातिप्राप्त वरिष्ठ कलाकारों के साथ-साथ समकालीन कलाकार नगर के गोविंद विश्वास, नेहा जैन, भारती शर्मा नौटियाल और अन्य भी शामिल हैं।
प्रदर्शनी के दौरान एक महत्वपूर्ण पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा , जिसमें दशावतारों की गूढ़ कथाओं को कला और लेखनी के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है।
कलाकार गोविंद विश्वास ने इस प्रदर्शनी हेतु अपने नवीनतम मिश्रित माध्यम (मिक्स मीडिया) में एक भव्य कलाकृति प्रस्तुत की है जिसका शीर्षक है ‘वराह देव’…। यह रचना उनकी विशिष्ट इंप्रिटो तकनीक में निर्मित है।
वराह अवतार की कथा हिन्दू पुराणों में अत्यंत शक्तिशाली और प्रतीकात्मक मानी जाती है। जब राक्षस हिरण्याक्ष ने पृथ्वी को पाताल लोक में ले जाकर छिपा दिया था, तब सृष्टि संकट में पड़ गई। तब भगवान विष्णु ने वराह रूप में अवतार लिया — यह रूप आधा मानव और आधा जंगली सूअर के समान था। उन्होंने महासागर में प्रवेश किया, पाताल लोक में जाकर हिरण्याक्ष से भयंकर युद्ध किया और उसे पराजित कर पृथ्वी को अपने विशाल दाँतों पर उठाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया। गोविंद विश्वास की यह कलाकृति न केवल एक पौराणिक घटना का चित्रण है, बल्कि यह संस्कृति, संरक्षण और पुनर्स्थापन की भावना को जाग्रत करती है। उनका मानना है कि इन कथाओं के माध्यम से समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा
