अंबिकापुर / अंबिकापुर से लगे ग्राम भिठ्ठीकला में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। मणिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने राहगीर महिलाओं को रौंदते हुए एक ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल चालक को भी पुलिस ने अपनी सुरक्षा में लिया।
घटना के चलते अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और आवागमन सुचारू कराया।
मृतक महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवती को आपातकालीन केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक महिलाएं जोगी बांध की बताई जा रही हैं.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।










