Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर। जिले में धान खरीदी को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन में प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। एक ओर जहां खरीदी केंद्रों पर किसानों से निर्धारित दर पर धान की निर्बाध खरीदी की जा रही है, वहीं दूसरी ओर अवैध धान परिवहन, भंडारण और कालाबाजारी पर करारी चोट की जा रही है। इसी कड़ी में प्रशासन ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए गत दिनों ग्राम पंचायत कसलगिरि के पास अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को धर दबोचा। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची टीम ने जब पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 15 ए 4002 की जांच की, तो उसमें 52 बोरियां अवैध धान लदी हुई पाई गईं। वाहन
चालक से वैध दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन वह धान से संबंधित कोई भी अधिकृत कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रशासनिक अमले ने धान से भरे वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया। जब्त किए गए धान और वाहन को विधिवत सुपुर्दगी में लेकर लटोरी पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के बाद अवैध धान कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, अवैध परिवहन या भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।









