Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर। इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस रविवार को सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने फीता काटकर चलते-फिरते अस्पताल का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।लाइफलाइन एक्सप्रेस के माध्यम से 16 अगस्त से 5 सितंबर तक जिले में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर संचालित किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी संचालित होगी। मरीजों की आवश्यक जांच और निर्धारित शल्य चिकित्सा पूरी तरह नि:शुल्क की जाएगी। शुभारंभ के पहले ही दिन उपचार की उम्मीद लेकर जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और कुल 866 मरीजों ने विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए पंजीयन कराया।
सांसद ने लाइफ लाइन एक्सप्रेस शिविर का फीता काट शुभारंभ किया।इस दौरान सांसद सहित
अतिथियों ने लाइफलाइन एक्सप्रेस के विभिन्न कोचों का निरीक्षण किया। ऑपरेशन थिएटर, रिकवरी रूम और पंजीयन काउंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली गई। अतिथियों ने इलाज के लिए पहुंचे मरीजों से भी बातचीत कर उनका हालचाल जाना।
सांसद चिंतामणी महाराज ने कहा कि लाइफलाइन एक्सप्रेस केवल एक अस्पताल नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए जीवन रेखा है। सरगुजा अंचल के वनांचल क्षेत्रों में आज भी अनेक लोग संसाधनों के अभाव में मोतियाबिंद, बहरेपन और हड्डियों की विकृति जैसी समस्याओं के साथ जीवन बिता रहे हैं। ऐसे लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम का पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से पात्र मरीजों को चिन्हित कर शिविर तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सुखी परिवार और समृद्ध समाज का आधार है। उन्होंने लाइफलाइन एक्सप्रेस को जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि जिन लोगों के लिए बड़े शहरों में जाकर महंगा इलाज और शल्य चिकित्सा कराना संभव नहीं है, उनके द्वार तक अस्पताल पहुंचना बड़ी राहत है।
उन्होंने विशेष रूप से माताओं और बहनों से संकोच छोड़कर स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की नि:शुल्क जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर जांच होने से गंभीर बीमारी की पहचान प्रारंभिक अवस्था में की जा सकती है। मंत्री ने जिलेवासियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने दिए निर्देश
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को लाइफलाइन एक्सप्रेस तक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। वर्षा ऋतु को देखते हुए ट्रेन के आसपास जलजमाव न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा गया। उन्होंने आवागमन, बैठने, पंजीयन और
साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि शिविर का लाभ जिले के अंतिम छोर पर रहने वाले प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने मरीजों से अपने साथ आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान पत्र लेकर आने की अपील की।
21 दिन अलग-अलग बीमारियों का होगा उपचार
इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की मैनेजिंग ट्रस्टी प्रोफेसर डॉ. रोहिणी वी. चौगुले ने बताया कि लाइफलाइन एक्सप्रेस की शुरुआत वर्ष 1991 में दूरस्थ क्षेत्रों में निवारणीय विकलांगता को समय रहते रोकने के उद्देश्य से हुई थी। सूरजपुर में यह 256वां प्रोजेक्ट है। ट्रेन में अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी ऑपरेशन थिएटर के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम उपलब्ध है।
शिविर की निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आंखों की जांच एवं मोतियाबिंद की ओपीडी 16 से 21 अगस्त तथा ऑपरेशन 17 से 22 अगस्त तक होंगे। कान की जांच 22 से 27 अगस्त और कान की सर्जरी 23 से 28 अगस्त तक होगी।
18 वर्ष से कम आयु के बच्चों में मुड़े हुए हाथ-पैर तथा कटे-फटे होंठ एवं जलने के बाद हुए संकुचन की प्लास्टिक सर्जरी के लिए जांच 28 से 31 अगस्त तथा सर्जरी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक होगी। दांतों की जांच एवं उपचार 1 से 5 सितंबर तक किया जाएगा। स्त्री रोग के अंतर्गत स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच व स्क्रीनिंग 16 से 21 अगस्त तक होगी।
भर्ती किए गए मरीज के साथ केवल एक सहयोगी को रहने की अनुमति होगी। शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है अस्पताल ट्रेन
लाइफलाइन एक्सप्रेस विश्व की पहली आधुनिक हॉस्पिटल ट्रेन है, जिसकी शुरुआत 16 जुलाई 1991 को हुई थी। यह इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन, भारतीय रेलवे और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की संयुक्त पहल है। ट्रेन में अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी ऑपरेशन थिएटर है, जिसमें पांच ऑपरेशन टेबल की सुविधा उपलब्ध है और एक साथ पांच सर्जरी तक की जा सकती हैं।
ऑपरेशन थिएटर में सर्जिकल माइक्रोस्कोप, वेंटिलेशन सिस्टम, एनेस्थीसिया मशीन और ऑटोक्लेव सहित कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इसके साथ रिकवरी रूम तथा प्रशिक्षित नर्सिंग ऑफिसर्स, टेक्नीशियन और स्वास्थ्यकर्मियों की अनुभवी टीम भी तैनात है।
कार्यक्रम में बाबूलाल अग्रवाल, निर्मला यादव, रितेश जायसवाल, राजेश्वर तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर रेना जमील, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, एसडीएम शिवानी जायसवाल, इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की मैनेजिंग ट्रस्टी प्रोफेसर डॉ. रोहिणी वी. चौगुले, सीनियर ऑपरेशन्स ऑफिसर डॉ. मनोहर रेड्डी सहित अधिकारी, सहित बड़ी संख्या मेंआमजन एवं मरीज मौजूद रहे।










