Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर। अंबिकापुर–बिश्रामपुर मुख्य मार्ग पर दसवीं वाहिनी बटालियन के समीप सोमवार रात हुए सड़क हादसे में बिश्रामपुर थाने में पदस्थ आरक्षक
अभय पांडेय क्रमांक 527 की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रात करीब 8:30 बजे एनएच 43 पर हुआ।
अभय पांडेय क्रमांक 527 की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रात करीब 8:30 बजे एनएच 43 पर हुआ।प्राप्त जानकारी के अनुसार सरगुजा संभाग के पुलिसकर्मियों का वर्तमान में अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्रों में फिटनेस कोर्स चल रहा है। सूरजपुर जिले के पचीरा निवासी अभय पांडेय भी दसवीं वाहिनी बटालियन में फिटनेस कोर्स कर रहे थे। सोमवार रात वे बाइक से दैनिक उपयोग का सामान खरीदने सिलफिली बाजार जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-43 पर बटालियन के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर पुलिस तथा दसवीं बटालियन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शव को उठवाकर देर रात मर्चुरी में रखवाया । मंगलवार को पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया।जयनगर पुलिस ने मामले में दसवीं बटालियन के पुलिस कर्मी राजेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी पता तलाश में जुट गई है।

बताया गया कि अभय पांडेय 2006 बैच के आरक्षक थे। वे अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके अंतिम संस्कार में बिश्रामपुर टीआई प्रकाश राठौर सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं परिजन मौजूद रहे और उन्हें अंतिम विदाई दी।
अभय पांडेय, गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज पांडेय तथा होटल व्यवसायी प्रवीण पांडेय (भोलू) के भाई थे।अभय के सड़क हादसे में मौत से सभी स्तब्ध हैं।










