बलरामपुर / विकासखंड बलरामपुर के ग्राम महाराजगंज में आयोजित शिविर में राधाकृष्णनगर निवासी श्री गौतम सरदार ने भी अपनी समस्या का समाधान
पाया। वे बताते हैं कि ग्राम पंचायत में आयोजित बैठकों के माध्यम से उन्हें शिविर की जानकारी मिली, जिसके बाद वे अपनी समस्या लेकर शिविर में पहुंचे।
श्री सरदार ने बताया कि वे लंबे समय से अपने राशन कार्ड में बच्चों के नाम जुड़वाने के लिए प्रयासरत थे, लेकिन उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि शिविर में आवेदन प्रस्तुत करने के पश्चात उनका कार्य तत्काल पूर्ण कर दिया गया और राशन कार्ड में उनके बच्चों के नाम जोड़ दिया गया। अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का समाधान इतनी जल्दी हो जाएगा।
श्री गौतम सरदार ने कहा कि शासन द्वारा आयोजित इस शिविर के माध्यम से उनका कार्य सफल हुआ है और उन्हें अनावश्यक भटकना नहीं पड़ा। उन्होंने इस पहल के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
शासन की मंशा है कि जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके गांव के समीप ही हो सके और उन्हें शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। जिसके लिए त्वरित सेवा प्रदान की जा रही है, जिससे आमजन में शासन के प्रति विश्वास और संतोष बढ़ रहा है।










