बलरामपुर / प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, सेमरा, विकासखंड कुसमी में वृहद नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान उपस्थित बच्चों एवं युवाओं ने नशे से स्वयं दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही युवाओं को शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों एवं सकारात्मक कार्यों के माध्यम से अपनी ऊर्जा का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों का राज्य स्तर पर चयन एवं सहभागिता सुनिश्चित की गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ नशामुक्ति अभियान में भाग लेते हुए नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने साथियों, परिवारजनों एवं समुदाय को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। जिसके तहत कार्यक्रम के माध्यम से नशा मुक्त युवा और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया।










