बलरामपुर / दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और शासकीय सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में आयोजित दो दिवसीय आंकलन
सह चिन्हांकन शिविर में सभी छह विकासखण्डों के कुल 248 दिव्यांग बच्चों का पंजीयन किया गया। इनमें से 97 बच्चों को आवश्यक सहायक उपकरण के लिए चिन्हांकित किया गया, 75 बच्चे नए यूडीआईडी कार्ड के लिए पात्र पाए गए तथा 76 बच्चों को विशेषज्ञ परीक्षण हेतु मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर रेफर किया गया।
राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा रायपुर के निर्देशानुसार कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी एवं जिला पंचायत सीईओ श्री आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र निरापूरे व जिला मिशन समन्वयक श्री
चन्द्रभूषण प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में ये शिविर आयोजित किए गए। 15 अक्टूबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीपाडीह (शंकरगढ़) में शंकरगढ़, कुसमी एवं राजपुर विकासखण्ड के 138 बच्चों का पंजीयन हुआ, जिनमें 33 को सहायक उपकरण हेतु चिन्हांकित किया गया, 50 यूडीआईडी कार्ड के लिए पात्र पाए गए और 55 को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं आज जिला ग्रंथालय बलरामपुर में बलरामपुर, रामचन्द्रपुर एवं वाड्रफनगर विकासखण्ड के 110 बच्चों का पंजीयन किया गया, जिनमें 64 को सहायक उपकरण हेतु चिन्हांकित किया गया, 25 यूडीआईडी कार्ड के लिए पात्र पाए गए तथा 21 को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
शिविर में जिला ग्रंथपाल श्री राजकुमार शर्मा, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री संजू कनौजिया, बीआरसी श्री सुरेश सिंह, बीआरपी श्री अमरदेव यादव सहित विभिन्न विकासखण्डों से आए बीआरपी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।










