बलरामपुर / कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं नार्काे समन्वय केंद्र (एनकोर्ड) की बैठक लेकर सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने तथा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राष्ट्रीय एवं राजकीय मार्गों से जुड़ने वाले टी-जंक्शनों पर स्पीड ब्रेकर लगाने और स्वीकृत कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से टी-जंक्शन के चिन्हित स्थलों की जानकारी ली, जिस पर बरियों में टी-जंक्शन निर्माण की जानकारी दी गई, वहीं तातापानी में राष्ट्रीय राजमार्ग के बीटी कार्य के बाद टी-जंक्शन बनाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि दुर्घटनाओं को नगण्य करने के लिए सड़कों पर रिफ्लेक्टर और सांकेतिक बोर्ड लगाना आवश्यक है। उन्होंने मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण हटाने, आवारा व घुमंतू पशुओं को सड़क से दूर रखने के लिए कार्ययोजना बनाकर प्रबंधन करने के निर्देश दिए। साथ ही ओवरस्पीड व ओवरलोड
वाहनों पर लगाम लगाने और प्रेशर हॉर्न, बीमा, फिटनेस व परमिट के बिना चल रहे वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
एनकोर्ड की समीक्षा में कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि जिन मेडिकल स्टोर्स में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, उन्हें नोटिस जारी किया जाए और निर्धारित समय में पालन न होने पर दुकान सील करने या लाइसेंस अस्थायी रूप से निलंबित करने की कार्रवाई की जाए। मेडिकल स्टोर्स में कार्यरत कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन व पुलिस वेरिफिकेशन कराने तथा कोटपा एक्ट के तहत पान, किराना एवं अन्य संबंधित दुकानों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। छिपकर गांजा व अफीम की खेती करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए कृषि, वन, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर विशेष रूप से बाड़ी में सर्वे और औचक निरीक्षण करने को की बात कही ।
कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के उप संचालक को नशा मुक्ति अभियान चलाने तथा पीएम जनमन योजना के तहत चिन्हित गांवों में नुक्कड़ नाटक व अन्य माध्यमों से नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के निर्देश दिए, ताकि लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सके।










