बलरामपुर/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बुधवार को बलरामपुर- रामानुजगंज जिले को 202 करोड़ 65 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, रायपुर से वर्चुअल माध्यम से जुड़े श्री साय ने विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम चिरई में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सरगुजा के विकास पुरुष के रूप में ख्यात काका लरंग साय की प्रतिमा का उनके पैतृक ग्राम में अनावरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 156 करोड़ 68 लाख रुपये के 1,863 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा 45 करोड़ 97 लाख रुपये के 146 कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों से जिले में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।
शिलान्यास किए गए कार्यों में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 71 करोड़ 89 लाख रुपये की लागत की तीन प्रमुख सड़कें
शामिल हैं। इनमें वाड्रफनगर विकासखंड में परसवार से चलगली तक 18 किलोमीटर मार्ग का उन्नयन, शंकरगढ़ विकासखंड में महुआडीह से भरतपुर तथा कुसमी विकासखंड में सिविलदाग से नीलकंठपुर मार्ग का निर्माण शामिल है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कुसमी विकासखंड में 26 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से पाँच पुलों का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क सुविधा बेहतर होगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए जिला चिकित्सालय में 4 करोड़ 72 लाख रुपये की सीटी स्कैन मशीन की स्थापना का शिलान्यास किया गया। इससे निकट भविष्य में जिले में ही उन्नत जाँच सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत 53 करोड़ 91 लाख रुपये के 1,854 कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया। इनमें 216 बालिका शौचालय, 152 मुक्तिधाम तथा अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।
15 नल जल योजनाओं और 97 चेक डैम का लोकार्पणमुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की 21 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से निर्मित 15 एकल ग्राम नल जल योजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही मनरेगा के अंतर्गत 19 करोड़ 3 लाख रुपये के 97 चेक डैम भी लोकार्पित किए गए। इनसे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अंतर्गत 5 करोड़ 54 लाख रुपये के 34 कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इनमें गोपालपुर में 50 सीटर अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास, घटगांव में उप स्वास्थ्य केंद्र, बुढ़ाबगीचा में महतारी सदन तथा विभिन्न छात्रावासों और आश्रमों में अतिरिक्त कक्ष एवं अधीक्षक आवास प्रमुख हैं।
कार्यक्रम से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री रामविचार नेताम, श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े तथा पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय जुड़े। कार्यक्रम स्थल पर विधायक श्रीमती सिद्धेश्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









