अम्बिकापुर / स्वास्थ्य विभाग एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को ग्राम रजपुरी के हाईस्कूल मैदान में एक दिवसीय सामुदायिक स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में रजपुरी स्वास्थ्य उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाली चार ग्राम पंचायतों रजपुरी, डेकिडोली, सहनपुर एवं बगडोली के कुल 582 ग्रामीणों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोग शामिल रहे।
स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, उपचार, परामर्श तथा शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराना था। इस दौरान ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाएं प्रदान करने के साथ ही
स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मितानिन कार्यक्रम की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. पुष्पेंद्र राम, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एन. पैकरा एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक दिलीप चंद्रा उपस्थित रहे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुसू के प्रभारी ने भी आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आरबीएसके दल, मितानिन ब्लॉक समन्वयक सरिता, रजपुरी स्वास्थ्य उपकेंद्र के कर्मचारियों तथा
चारों पंचायतों की मितानिन कार्यकर्ताओं ने सेवाएं प्रदान कीं। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सेक्टर पर्यवेक्षक पुष्पलता और नेहा ने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं आंगनबाड़ी सेवाओं से संबंधित गतिविधियों में सहयोग किया।
स्वास्थ्य विभाग, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, महिला एवं बाल विकास विभाग, मितानिन कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय समुदाय के सामूहिक प्रयासों से स्वास्थ्य मेले का सफल आयोजन हुआ।










