अम्बिकापुर / कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने मंगलवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में जिले में राज्योत्सव समारोह के गरिमामयी सफल आयोजन हेतु सभी अधिकारियों एवं जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी।
कलेक्टर ने बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, विभिन्न कार्यक्रमों एवं धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े मामलों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा कर विभागवार शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान जिले के चिन्हांकित शासकीय स्कूलों में संचालित नीट एवं जेईई लाइव ऑनलाइन कोचिंग कक्षाओं की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा
अधिकारी को कक्षाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने कहा। बैठक में पूर्व बैठकों एवं निरीक्षणों के दौरान विभागों को दिए गए निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जानकारी भी ली गई। वहीं डीएमएफ अंतर्गत वसूली प्रकरणों की स्थिति, डीएमएफ अंतर्गत अपूर्ण कार्यों की जानकारी, जाति प्रमाणपत्र एवं जन्म प्रमाणपत्र निर्माण में प्रगति की जानकारी, मुआवजा प्रकरणों सहित अन्य विषयों पर समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि पर समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, डीएफओ श्री लोकनाथ पटेल, प्रशिक्षु आईएफएस श्री कुणाल मिश्रा, नगर निगम आयुक्त श्री विनय अग्रवाल सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
धान खरीदी की तैयारियों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश-
कलेक्टर ने 15 नवम्बर से शुरू हो रहे समर्थन मूल्य में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिले में किसानों की सुविधा एवं सुचारू धान खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने सभी तहसीलदारों को गिरदावरी की शिकायतों का जल्द निराकरण करने कहा, ताकि धान खरीदी के दौरान किसानों को समस्या ना हो। वहीं एसडीएम, खाद्य अधिकारी सहित संबंधित विभागों को शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए तथा कहा कि धान खरीदी में किसी भी स्तर पर शिकायत ना आए, सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते सुनिश्चित करें।
समय सीमा में राजस्व प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश-
कलेक्टर श्री वसंत ने राजस्व विभाग की समीक्षा में लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।उन्होंने तहसीलवार राजस्व प्रकरणों के निराकरण की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित सभी राजस्व प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग अपने समय सीमा के कार्यों में गंभीरता लाएं तथा आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए।कलेक्टर श्री वसंत ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख निर्माण कार्यों की भी तहसीलवार समीक्षा की। इस दौरान सीमांकन, नामांतरण, त्रुटि सुधार, नक्शा बटांकन, सीमांकन, नामांतरण, आधार सीडिंग, वृक्ष कटाई, डिजिटल हस्ताक्षर, किसान किताब पत्र, जेंडर प्रविष्टि, डीसीएस सर्वे, कोटवारी भूमि, अतिक्रमण सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी आवेदन समय सीमा से बाहर नहीं होना चाहिए। सभी राजस्व अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें।










