अगले 24 घंटे सतर्क रहने की सलाह, बिलासपुर में सुबह से झमाझम बारिश; कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। बिलासपुर में शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। चेतावनी वाले जिलों में सरगुजा और बलरामपुर भी शामिल हैं। ऐसे में सरगुजा संभाग के लोगों को भी अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की जरूरत है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार अगले 24 घंटे में बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा जिले में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। वहीं अगले 48 घंटे के दौरान बलरामपुर जिले के लिए भी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने संभावित बारिश को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बिलासपुर में सुबह से जारी रही बारिश
शुक्रवार सुबह से बिलासपुर में तेज बारिश का दौर जारी रहा। लगातार बारिश के कारण सड़कों पर आवाजाही कम हो गई और कई निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बन गई। मौसम में ठंडक बढ़ने से लोगों को भी बदले मौसम का अहसास हुआ। जिले की 12 तहसीलों में सुबह 8 बजे तक कुल 17.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। जिले में औसत बारिश 1.4 मिलीमीटर रही।
वर्षा के आंकड़ों के अनुसार बिल्हा में सर्वाधिक 5.8 मिलीमीटर और बिलासपुर में 5.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सीपत में 2.7, सकरी में 2.0, मस्तूरी में 0.5 तथा बेलगहना में 0.3 मिलीमीटर वर्षा हुई। बोदरी और रतनपुर में 0.2-0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं तखतपुर, कोटा, बेलतरा और पचपेड़ी में बारिश दर्ज नहीं हुई। यह आंकड़ा सुबह 8 बजे तक का है, जबकि इसके बाद भी बारिश जारी रही।
जलभराव और फिसलन का खतरा
मौसम विभाग ने भारी बारिश के संभावित प्रभावों को लेकर भी आगाह किया है। बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी रहेगी। भारी वर्षा के दौरान दृश्यता कम होने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों को बाढ़ संभावित नालों, नदियों, नहरों और निचले पुलों को पार करने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों को भी खेतों में पानी भरने की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।
प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर येलो अलर्ट वाले जिलों में अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम पर नजर बनाए रखना जरूरी होगा।










