अंबिकापुर / नगर के युवा बॉडीबिल्डर गोपाल सिंह ने भिलाई में आयोजित बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में खुशी की लहर है।
गोपाल सिंह अंबिकापुर के गंगापुर तुलसी चौक के निवासी हैं। वे यहीं पर “गोपाल जिम” का संचालन भी करते हैं और लंबे समय से युवाओं को फिटनेस व बॉडीबिल्डिंग के लिए प्रेरित कर रहे हैं। गोपाल ने बॉडीबिल्डिंग की शुरुआत अंबिकापुर में रहते हुए ही की थी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर इस क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
उनका प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया। वर्ष 2022 में रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता। 2023 में राजनांदगांव में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। 2024 में कवर्धा में आयोजित स्पर्धा में भी
वे सिल्वर मेडल विजेता रहे। इसी वर्ष उज्जैन में आयोजित बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में उन्होंने टॉप-10 में स्थान बनाकर अपनी क्षमता का परिचय दिया। वर्ष 2025 में उज्जैन प्रतियोगिता में गोपाल ने चौथा स्थान हासिल किया।
वर्ष 2026 में दल्ली राजहरा में आयोजित ऑल इंडिया ओपन बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में उन्होंने सिल्वर मेडल जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इसके बाद भिलाई में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
गोपाल सिंह की इस सफलता पर उनके परिवार, मित्रों, शिष्यों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी है। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।









