Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर । अम्बिकापुर–बनारस मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित कर बर्थडे सेलिब्रेशन और आतिशबाजी करना सात युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने
कार्रवाई करते हुए सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा दो चारपहिया वाहनों को जब्त किया है।
कार्रवाई करते हुए सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा दो चारपहिया वाहनों को जब्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 फरवरी 2026 की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने कुछ युवकों द्वारा अंबिकापुर बनारस अंतरराज्यीय सड़क पर वाहन खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था। इस दौरान आतिशबाजी कर मुख्य मार्ग पर यातायात अवरुद्ध किया गया इस घटना में करीब बीस मिनट तक एम्बुलेंस फंसी रही व मार्ग के दोनों क्षोर पर लंबा जाम भी लग गया था।बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो दो दिन बाद सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए एसएसपी ने पुलिस को केस दर्ज कर कार्यवाही के लिए निर्देशित किया था।जिसके बाद लटोरी पुलिस, थाना जयनगर द्वारा अपराध क्रमांक 54/2026 के तहत धारा 285, 126(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24 वर्ष), अंशुल अग्रवाल (25 वर्ष), प्रथम अग्रवाल (24 वर्ष), शुभम अग्रवाल (23 वर्ष), महेश साहू (27 वर्ष), निखिल राणा (26 वर्ष) एवं अरूण देवांगन (39 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी अम्बिकापुर एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस जांच में सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक तरीके से वाहन खड़ा कर बाधा उत्पन्न करना और पटाखे फोड़ना पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 287, 288 बीएनएस तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 व 201 जोड़ी गई। सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी अरूण गुप्ता, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, आरक्षक विकास मिश्रा, संतोष जायसवाल, सुनील एक्का, शोभनाथ कुशवाहा एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करने वाले कृत्यों से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।










