बलरामपुर / केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय यंत्रीकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र (नमस्ते) योजना के 3 वर्ष पूर्ण
होने पर जिले में आज नमस्ते दिवस मनाया गया। नमस्ते दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद रामानुजगंज द्वारा सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से आयोजित इस शिविर में नगर के सभी सफाई कर्मियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर प्रतिदिन शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच तथा उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श सुनिश्चित की गई। चिकित्सकों ने कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक सलाह दी तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
गौरतलब है कि स्वच्छ शहर के निर्माण में सफाई कर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से नमस्ते दिवस पर स्वास्थ्य जांच का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा सफाई कर्मी उपस्थित रहे।









