भैयाथान। झिलमिली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक साथ कई वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
खड़े कर दिए। सबसे बड़ी घटना झिलमिली थाने से महज 500 मीटर दूर स्थित कुंवर पेट्रोल पंप में हुई, जहां खड़े डीजल टैंकर से करीब 200 लीटर डीजल और पास में खड़ी एक ट्रक से भी लगभग 200 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया।इतना ही नहीं, चोरों ने आसपास के रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार लखनपुर निवासी अनिल पाटिल के घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी कर ली गई। वहीं हर्रापारा निवासी प्रतिपाल कुशवाहा के घर का ताला भी तोड़ा गया। हालांकि घर में रखी सब्जी ढोने की प्लास्टिक ट्रे और बंधी हुई बकरी को चोर छोड़कर फरार हो गए।ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सिंचाई पंपों के तार और ताले तोड़े जाने की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। इससे
लोगों में दहशत का माहौल है और रात के समय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।सबसे अहम बात यह है कि थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप को निशाना बनाए जाने से पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।









