सब्जी बीज रोपण एवं सामुदायिक सहभोज से सजा शनिवार का बैगलेस डे
सूरजपुर। जिले के 500 प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार “बैगलेस डे” पर पोषण वाटिका निर्माण अभियान उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील एवं जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती लता बेक व जिला मिशन समन्वयक मनोज कुमार साहू के निर्देशन में यूथ व इको क्लब के विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिलकर बीजारोपण, निदाई-गुड़ाई एवं घेरवा निर्माण का कार्य पूर्ण किया। इसका लक्ष्य मौसमी सब्जियों को सीधे मध्यान्ह भोजन की थाली तक पहुंचाना है।इसी क्रम में जिले के सभी विकासखंडों के चुनिंदा स्कूलों में सामुदायिक सहभोज “न्योता भोजन” भी आयोजित हुआ। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के
तहत यह दो रूपों में होता है—आंशिक, जिसमें ग्रामीण अंकुरित अनाज, फल या मिठाई का योगदान देते हैं, और पूर्ण, जिसमें दाल-चावल-सब्जी सहित संपूर्ण भोजन समुदाय द्वारा वहन किया जाता है। जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ या पर्व-त्योहार पर लोग अपने निकटवर्ती विद्यालय को चुनकर यह पहल कर सकते हैं, जिससे बच्चों को अतिरिक्त पोषण मिलने के साथ स्कूल और गांव का रिश्ता और प्रगाढ़ होता है।प्रतापपुर, रामानुजनगर, प्रेमनगर, भैयाथान, ओड़गी सहित सभी विकासखंडों के दर्जनभर से अधिक विद्यालयों में सरपंच, पंचायत प्रतिनिधियों व एसएमसी सदस्यों की उपस्थिति में यह आयोजन हुआ। पूरे अभियान की निगरानी सहायक संचालक शिक्षा अजय सिंह सहित शिक्षा विभाग की पूरी टीम ने की।










