वन विभाग और WCCB की संयुक्त कार्रवाई
सूरजपुर। वन विभाग और वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाघ की खाल और पैंगोलिन के शल्क की तस्करी का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर ओड़गी-भैयाथान मार्ग पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से बाघ की खाल, पैंगोलिन के शल्क और
तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।वनमण्डलाधिकारी डी.आर. साहू ने बताया कि वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (WCCB), भोपाल से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। इसके लिए वन विभाग और WCCB की दो संयुक्त टीमें गठित की गईं। सूचना के अनुसार ओड़गी-भैयाथान मार्ग स्थित ग्राम बैजनाथपुर के पास धरसेड़ी रोड पर घेराबंदी की गई।इस दौरान तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी लेने पर उनके पास से बाघ की खाल तथा संरक्षित वन्यजीव पैंगोलिन के शल्क बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिकेश्वर प्रसाद राजवाड़े (38), भुखनलाल पंडो (56) और गरीबलाल पंडो (58) के रूप में हुई है। तीनों ओड़गी थाना क्षेत्र के निवासी हैं।वन विभाग ने बरामद वन्यजीव अवशेषों के साथ तस्करी में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल (CG-15 DN-7494) भी जब्त कर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 809/24, दिनांक 28
जुलाई 2026 दर्ज किया है। जब्त सामग्री को सील कर सुरक्षित रखा गया है।वनमण्डलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। कार्रवाई में वन परिक्षेत्र सूरजपुर, कुदरगढ़, अंबिकापुर तथा WCCB भोपाल की संयुक्त टीम शामिल रही।










