ओड़गी। कलेक्टर श्रीमती रैना जमील के निर्देशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा के मार्गदर्शन तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय चौहान के नेतृत्व में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी में खंड स्तरीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा आमजन में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।शिविर में कुल 10 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। विशेष बात यह रही कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भोलेनाथ राजवाड़े, डॉ. अतुलेश तथा डॉ. संदीप ने स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। चिकित्सकों के रक्तदान से प्रेरित होकर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्थानीय युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।चिकित्सकों ने बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। इससे शरीर पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि कुछ ही समय में शरीर नए रक्त का निर्माण कर लेता है। नियमित रक्तदान करने से समाज सेवा का अवसर मिलता है और
जरूरतमंदों को नया जीवन देने का संतोष भी प्राप्त होता है।शिविर में जिला ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रहण की प्रक्रिया संपन्न कराई। रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य विभाग की ओर से आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की गई।
कार्यक्रम में जिला ब्लड बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) सखन आयाम, टीकाकरण सहायक नोडल एवं सीसीपी इंचार्ज गोपालशरण सिंह, एमएलटी योगेश कुमार पैकरा एवं अर्चना पैकरा, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर मंजू, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी गायत्री सांडिल्य, काउंसलर कविता सिंह, फार्मासिस्ट विनोद पैकरा, बसंत, दिलबरन, गीता सारथी सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










