ओड़गी । क्षेत्र मे मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में ग्राम पंचायत चपदा का 10 वर्षीय बालक ढ़ेकी नदी के तेज़ बहाव में बह गया। घटना के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चपदा निवासी रामसिंह का 10 वर्षीय पुत्र अपने एक साथी के साथ नदी-नाले के समीप खेल रहा था। इसी दौरान वह ढ़ेकी नदी के तेज़ बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। साथ
मौजूद बच्चे द्वारा घटना की जानकारी परिजनों को दी गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने कुदरगढ़ पुलिस चौकी को अवगत कराया। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से बालक की तलाश शुरू कर दी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। लगातार बारिश और नदी के तेज़ बहाव के कारण राहत एवं खोज अभियान में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार बालक बचपन से मोतियाबिंद की समस्या से पीड़ित था।










