बलरामपुर / कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को मानकपूर्ण एवं सुरक्षित साइकिल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनुविभागीय अधिकारियों द्वारा साइकिल का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड रामचंद्रपुर स्थित रामानुजगंज उड़ान केंद्र में रखी गई साइकिल का अनुविभागीय अधिकारी रामचंद्रपुर श्री आनंद राम नेताम के द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान आईटीआई के तकनीकी सहायक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी तथा संबंधित प्राचार्य की मौजूद रहे।
योजना के तहत प्राप्त साइकिलों की फिटिंग, गुणवत्ता, मजबूती एवं अन्य तकनीकी मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ साइकिलों में फिटिंग संबंधी कमियां पाई गईं। कई साइकिलों के पार्ट्स-पुर्जे ढीले मिले, जबकि कुछ पुर्जे क्षतिग्रस्त भी पाए गए।
इस पर अनुविभागीय अधिकारी श्री आनंद राम नेताम ने संबंधित फर्म को निर्देशित किया कि दो दिवस के भीतर सभी कमियों का निराकरण करते हुए आवश्यक सुधार करें तथा क्षतिग्रस्त पुर्जों को तत्काल बदला जाए। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण साइकिल उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा तक पहुंच को आसान बनाना है। इसलिए सभी कमियां दूर होने तथा पुनः संतोषजनक सत्यापन के बाद ही साइकिलों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इसी कड़ी में विकासखण्ड राजपुर के स्वामी आत्मानंद स्कूल में अनुविभागीय अधिकारी श्री देवेन्द्र प्रधान द्वारा साइकिलों का भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन में फिटिंग संबंधित कमियां पाई गई, जिन्हें ठीक करने के निर्देश संबंधित को दिया गया।









