सीएम पोर्टल में शिकायत के बाद भी नही हुई सुनवाई
भैयाथान। लोगो की सुविधा के लिये बनी नाली अब लोगो के लिए मुसीबत का सबब बन गई है।भैयाथान ब्लॉक के ग्राम कोयलारी में नाली तो बना दी गई, लेकिन उसकी सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी भूल गए तो नतीजा यह है कि अब इसी नाली का पानी ग्रामीणों के घरों और बाड़ियों में पहुँच रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नाली का निर्माण कराया गया, लेकिन निर्माण के बाद से अब तक इसकी एक बार भी ठीक से सफाई नहीं कराई गई। हालत यह है कि नाली जगह जगह जाम है और उसका गन्दा पानी सड़क पर बह रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग के जिम्मेदार बड़े अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाई गई थी। लेकिन अधिकारी ना तो मौके पर पहुंचें, और ना ही समस्या का समाधान कराया। समाधान न होता देख वहां के ग्रामीण संत कुमार दुबे, विकास दुबे और अंबिका दुबे ने
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर नाली की सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।शिकायत दर्ज हुई, समय बीता लेकिन आज तक अधिकारियों ने इसकी सुध नही ली है। जबकि सरकार लगातार यह दावा करती है कि आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। लेकिन कोयलारी में ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी मौके पर अधिकारियों का नहीं पहुंचना इन दावों को कागजी साबित कर रहा है।सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद भी यदि अधिकारी गांव तक नहीं पहुंच रहे हैं तो फिर ग्रामीणों को अपनी समस्या दिखाने के लिए और कितनी दूर जाना पड़ेगा?ग्रामीणों के लिए यह सिर्फ पानी जमा होने की समस्या नहीं है। घरों के आसपास पानी रुकने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब होने की आशंका से ग्रामीण चिंतित हैं।लगातार परेशानी झेल रहे नाराज ग्रामीणों ने कहा है यदि जल्द नाली की सफाई कराकर पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे।









