बलरामपुर / जिले के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा के सफल संचालन हेतु ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज करते हुए परीक्षा की पंजीयन प्रक्रिया, संचालन एवं विद्यार्थियों को मिलने वाले अवसरों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री एम.आर. यादव के नेतृत्व में विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य समन्वयक श्री गौरव वर्मा एवं श्री विवेक पाठक ने प्रशिक्षण के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान राज्य समन्वयक श्री गौरव वर्मा ने परीक्षा की पंजीयन प्रक्रिया, परीक्षा की रूपरेखा, चयन प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों को मिलने वाले शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक अवसरों
की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित कर उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस पहल से जिले के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होने का बेहतर अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन देश की प्रतिष्ठित चार स्तरीय विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक वर्ष कक्षा 6वीं से 11वीं तक के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। राज्य स्तर पर 150 विद्यार्थियों को विज्ञान शिविर में शामिल होने का अवसर मिलता है, जबकि प्रत्येक राज्य से 12 उत्कृष्ट विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय शिविर के लिए किया जाता है। सफल विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कार एवं छात्रवृत्तियों के साथ-साथ इसरो और डीआरडीओ जैसे देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों का भ्रमण करने का भी अवसर प्राप्त होता है।








