बलरामपुर / संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने 6 दिव्यांगजनों को सामग्री का वितरण किया। इस दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने दिव्यांगजनों से सहजता और आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत करते हुए उनके स्वास्थ्य, दैनिक जीवन की आवश्यकताओं और सामने आ रही कठिनाइयों के संबंध में भी जानकारी ली।
इस दौरान सौनी निवासी श्री धनेश्वर सोनी को बैसाखी, भनौरा निवासी श्री निशांत पैकरा एवं बड़की महरी निवासी सुश्री महिमा दास को व्हीलचेयर, भनौरा निवासी श्री गौरीशंकर एवं श्री फनु सिंह को स्टिक तथा सौनी निवासी सुश्री ममता पाल को स्मार्ट फोन प्रदान किया गया। सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया। सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन को आसान बनाने में सहायक होगी।








