Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर। जयनगर थाना पुलिस ने चोरी के मोबाइल के मामले में कार्रवाई करते हुए चोरी का मोबाइल खरीदने और उसका लॉक तोड़ने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया है। वहीं, मोबाइल चोरी करने वाले फरार आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार ग्राम ठाकुरपुर, अंबिकापुर निवासी क्षितिज कुमार 29 जून 2026 को अपने दोस्त विशाल की स्कूटी से सूरजपुर में बर्थडे पार्टी में आया था। शाम को अंबिकापुर लौटते समय अजबनगर के पास स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया। दोनों स्कूटी को पैदल काली घाट तक ले जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां पहुंचे और पेट्रोल लेने साथ चलने की बात कही।
प्रार्थी उनके साथ वैष्णवी पेट्रोल पंप पहुंचा। वहां बाइक सवार एक युवक ने फोन करने के नाम पर मोबाइल मांगा और मोबाइल लेकर अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से फरार हो गया। रिपोर्ट पर जयनगर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद सरफराज साह, पिता शोयब साह, उम्र 26 वर्ष, निवासी मायापुर, थाना कोतवाली अंबिकापुर को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी का मोबाइल खरीदकर अपने पास रखना स्वीकार किया।
उसने पुलिस को बताया कि चोरी का मोबाइल उसने एक व्यक्ति से खरीदा था और मोमिनपुरा निवासी सज्जाद अंसारी से मोबाइल का लॉक तुड़वाकर उसका उपयोग कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर सज्जाद अंसारी, पिता मोहम्मद उमर अंसारी, उम्र 29 वर्ष, निवासी मोमिनपुरा, थाना कोतवाली अंबिकापुर को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में फरार अन्य आरोपी की पतासाजी की जा रही है।








