Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर। एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र के आमगांव खदान मार्ग पर हरकटाडांड में पुलिया के समीप बीती रात परिवहन कार्य में लगा एक ट्रेलर बीच सड़क पर फंस गया। ट्रेलर के सड़क पर आड़े-तिरछे फंस जाने से खदान मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। रात के समय हुई इस घटना से खदान क्षेत्र में आवागमन करने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि आमगांव खदान मार्ग पर हरकटाडांड के समीप पुलिया के पास ट्रेलर फंसने के बाद सड़क का पर्याप्त हिस्सा वाहनों के निकलने के लिए उपलब्ध नहीं रह गया था। इसके चलते छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। खदान से परिवहन कार्य में
लगे वाहनों के साथ-साथ अन्य जरूरी आवागमन भी प्रभावित हुआ। ज्ञात हो कि रात में सड़क पर ट्रेलर के फंस जाने से स्थिति उस समय और मुश्किल हो गई, जब अंधेरे में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को सड़क पर खड़े भारी वाहन का अंदाजा लगाने में परेशानी हुई। मार्ग संकरा होने के कारण दूसरे वाहनों के लिए सुरक्षित तरीके से निकल पाना भी चुनौती बन गया था। इससे कुछ समय के लिए पूरा मार्ग मानो थम सा गया था।घटना के बाद ट्रेलर को सड़क से हटाने की कवायद शुरू कर काफी मशक्कत के बाद मार्ग को आवागमन के लिए बहाल किया जा सका।










