Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, तेज, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम का शुभारंभ किया है। सिस्टम का शुभारंभ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सोमवार को किया।इस अवसर पर प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर जी.पी. खुटे, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक के.के. सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय रेल में अपनी तरह की पहली पहल
बिलासपुर मंडल के डिवीजनल कंट्रोल में स्थापित यह सिस्टम भारतीय रेल में अपनी तरह की पहली पहल बताई गई है। इसकी प्रमुख विशेषता भारतीय रेल का सबसे बड़ा अल्ट्रा-नैरो-बेजल वीडियो वॉल है, जिसके माध्यम से ट्रेनों की आवाजाही और सिग्नलिंग की स्थिति का वास्तविक समय में व्यापक दृश्य प्राप्त किया जा सकेगा।
सिस्टम के जरिए रेल परिचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एकीकृत एवं केंद्रीकृत रूप में उपलब्ध होंगी। इससे कंट्रोल कार्यालय के अधिकारियों को ट्रेनों की स्थिति और परिचालन संबंधी परिस्थितियों का तत्काल आकलन कर त्वरित
निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
निर्णय लेने में मदद मिलेगी।59 स्टेशनों की होगी निगरानी
लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से बिलासपुर मंडल के 47 और रायपुर मंडल के 12 स्टेशनों, यानी कुल 59 स्टेशनों के रेल परिचालन की निगरानी एवं दृश्यता को बेहतर बनाया गया है। इसमें ट्रेनों की आवाजाही, सिग्नलिंग स्थिति, स्टेशनों के यार्ड और ब्लॉक सेक्शन की जानकारी एकीकृत रूप में उपलब्ध होगी।
वास्तविक समय के आंकड़ों और डिजिटल तकनीक के उपयोग से परिचालन संबंधी स्थितियों को समझने तथा आवश्यक कार्रवाई करने में तेजी आएगी। इससे ट्रेनों के संचालन में बेहतर समन्वय के साथ रेल संरक्षा और समयबद्धता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के अनुसार, यह तकनीक आधारित प्रणाली दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्मार्ट एवं आधुनिक रेल परिचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रेल परिचालन को अधिक सक्षम, सुरक्षित और कुशल बनाने में सहायता मिलेगी।








