बलरामपुर / कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह के नेतृत्व में जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामीण एवं नगरीय निकायों में आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में विकासखंड बलरामपुर के ग्राम कपोत में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम कपोत में निवासरत कुल 59 लोगों का एक्स-रे किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों के माध्यम से संभावित टीबी मरीजों की पहचान, जांच एवं
समय पर उपचार सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर लोगों को उनके नजदीकी क्षेत्र में ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि जिले में टीबी की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जांच, उपचार और जन जागरूकता संबंधी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि टीबी से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर समय पर नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उपचार लें।







