नौकरी के नाम पर ‘डिजिटल जाल’ से रहें सावधान: फर्जी वर्क फ्रॉम होम ऑफर और लिंक से ठगी का खतरा, 300 युवाओं-श्रमिकों को पुलिस ने किया अलर्ट
अंबिकापुर। सोशल मीडिया पर आकर्षक वेतन वाली नौकरी, घर बैठे कमाई और पार्ट टाइम काम का ऑफर देकर होने वाली साइबर ठगी से बचाने के लिए सरगुजा पुलिस ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में जन शिक्षण संस्थान (कौशल विकास केंद्र) में आयोजित वृहद कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं, रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, फर्जी भर्ती एजेंसी और संदिग्ध लिंक के खतरों से आगाह किया गया।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में जिले में ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के पांचवें सप्ताह में कुशल-अकुशल श्रमिकों और रोजगार सृजन से जुड़े केंद्रों को विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है।
नौकरी से पहले मांगे पैसे तो हो जाएं सतर्क
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर ठग सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर पार्ट टाइम, फुल टाइम और वर्क फ्रॉम होम की नौकरी का आकर्षक ऑफर देकर युवाओं को जाल में फंसा रहे हैं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, वेरिफिकेशन, सिक्योरिटी डिपॉजिट अथवा प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम मांगी जाती है।
पुलिस ने युवाओं को समझाया कि नौकरी का कोई भी प्रस्ताव स्वीकार करने से पहले संबंधित कंपनी और भर्ती एजेंसी की पूरी जांच करें। अनजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध वेबसाइट पर बैंक संबंधी जानकारी भरने और अनधिकृत एपीके फाइल अथवा ऐप डाउनलोड करने से बचें।
बैंक डिटेल और ओटीपी किसी को न दें
कार्यक्रम में व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाता विवरण और ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में जन शिक्षण संस्थान के निदेशक मो. सिद्दीकी, परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता, करीब 300 छात्र-छात्राएं तथा 10 शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने जवाब दिया।
नवा बिहान की ओर से मंगल पांडे, अजय तिवारी और संतोष दास तथा सरगुजा पुलिस से उप निरीक्षक अभय तिवारी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, साइबर एक्सपर्ट आरक्षक अनुज जायसवाल, अमन पुरी, राहुल केरकेट्टा और अविनाश पासवान कार्यक्रम में शामिल रहे।







