Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर। ग्राम पंचायत जयनगर में संचालित शासकीय आजाक हायर सेकेंडरी स्कूल प्रांगण में लगे मोटर पंप को अज्ञात चोरों ने बीती रात चोरी कर ली है। स्कूल के प्राचार्य ने जयनगर थाना में आवेदन देकर आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है। स्कूल प्रबंधन द्वारा थाना में दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि बीती रात अज्ञात चोरों ने स्कूल प्रांगण में स्थित मोटर पंप का ढक्कन तोड़कर समर्सिबल पंप पार कर दिया है। विद्यालय में पहले भी तीन बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से विद्यालय प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। गुरुवार की
सुबह विद्यालय पहुंचने पर देखा गया कि अज्ञात चोरों द्वारा बोरवेल का ढक्कन टूटा हुआ मिला और उसमें लगा समर्सिबल पंप गायब था। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन को चोरी की जानकारी हुई। बार-बार शैक्षणिक संस्थान को निशाना बनाया जाना विद्यालय की संपत्ति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता का विषय बन गया है। विद्यालय में समर्सिबल पंप का उपयोग बोरवेल से पानी उपलब्ध कराने के लिए किया जाता है। पंप चोरी हो जाने से विद्यालय की पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। इसका असर विद्यार्थियों और विद्यालय के कर्मचारियों को होने वाली दैनिक असुविधाओं के रूप में सामने आ गया है।









