अंबिकापुर। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज के घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित किराना दुकान में अज्ञात चोरों ने छत की सीमेंट शीट तोड़कर चोरी की। चोर खाद्य तेल सहित करीब छह हजार रुपये का किराना सामान ले गए। दुकान संचालक के अनुसार, एक सप्ताह पहले भी दुकान का ताला तोड़कर दस हजार रुपये नकद चोरी किए गए थे। लगातार हुई चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर निवासी सुरेश अग्रवाल की ‘सुरेश किराना दुकान’ मणिपुर थाना क्षेत्र में स्थित है। बीती रात अज्ञात चोर दुकान की छत पर लगी सीमेंट की शीट तोड़कर अंदर घुसे और सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर मणिपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं। चार दिन पहले बिलासपुर चौक स्थित मोचन पान सेंटर से गुटखा और पान सामग्री चोरी होने की जानकारी मिली थी। हालांकि, उस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।









