पुलिस ने समिति के पदाधिकारियों से किया सहयोग का आह्वान, नियमों के पालन की दी समझाइश
सूरजपुर। दुर्गा पूजा, दशहरा पर्व एवं मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा सभी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने के निर्देश दिए थे।इसी तारतम्य में शुक्रवार को थाना प्रभारी प्रहलाद यादव ने नगर के समस्त दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों एवं पदाधिकारियों की बैठक लेकर पर्व के दौरान सुरक्षा, शांति एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, दशहरा उत्सव तथा मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से सुझाव भी आमंत्रित किया।बैठक में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव ने दुर्गा पूजा समितियों से अपील की कि धार्मिक आयोजनों को श्रद्धा, उत्साह एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराएं। आयोजन स्थलों पर भीड़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, विवाद अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न न होने दें। साथ ही आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखने, पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के संबंध में समितियों को निर्देशित
किया गया कि विसर्जन निर्धारित एवं सुरक्षित मार्गों से व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित रखने, जुलूस को अनुशासित ढंग से आगे बढ़ाने तथा मार्ग में अनावश्यक रुकावट या जाम की स्थिति निर्मित नहीं होने देने पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं डीजे के उपयोग को लेकर भी आवश्यक समझाइश दी गई। विसर्जन के दौरान डीजे तथा लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित नियमों, समय-सीमा एवं ध्वनि मानकों के अनुरूप ही करने को कहा गया। ध्वनि प्रदूषण से आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों एवं बीमार व्यक्तियों को होने वाली परेशानी का ध्यान रखते हुए निर्धारित सीमा का पालन करने की अपील की गई।
यातायात नियमों का पालन करें
बैठक में यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सभी दुर्गा पूजा समितियां यह सुनिश्चित करें कि पूजा पंडालों एवं विसर्जन मार्गों पर आवागमन बाधित न हो। सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न किए जाएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान यातायात नियमों का पालन किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक रास्तों को अवरुद्ध न करें, ताकि आम नागरिकों के साथ-साथ एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को आवागमन में परेशानी न हो। यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा पुलिसकर्मियों के साथ समन्वय बनाकर चलने से भीड़ और जाम की समस्या को काफी हद तक रोका जा सकता है। इस दौरान दुर्गा पूजा समिति के सदस्य विनोद मित्तल, राहुल केजरीवाल, दिनेश साहू, गुलशन साहू, अशोक साहू, पार्षद प्रमोद तायल, प्रवीण अग्रवाल, पियुश सोनी, सुमित ठाकुर, सूरज, बंटी ठाकुर मौजूद रहे।










