Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर। ग्राम पंचायत महावीरपुर के तुरियाबाड़ी के पास रास्ता रोककर एक युवक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित मृत्युंजय विश्वास उर्फ मिथुन ने गांव के ही अंशू राय सहित तीन लोगों पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने और हाथ-मुक्के व पत्थर से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में युवक के चेहरे, आंख, नाक और कंधे पर चोटें आई हैं। पीड़ित ने 27 अक्टूबर को जयनगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत संजयनगर निवासी 35 वर्षीय मृत्युंजय विश्वास मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अजीरमा से महावीरपुर होते हुए अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान महावीरपुर के तुरियाबाड़ी के पास गांव का ही अंशू राय मोटरसाइकिल से पहुंचा और अपनी गाड़ी पीड़ित की मोटरसाइकिल के सामने खड़ी कर रास्ता रोक दिया।
आरोप है कि अंशू राय के साथ बाइक पर राकेश और एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे। पीड़ित का आरोप है कि अंशू राय ने उसे विष्णु समद्दार का भांजा बताते हुए कथित तौर पर कहा कि वह ज्यादा हवा में उड़ रहा है और उसे जान से मारकर खत्म कर दो। इसके बाद तीनों ने उसे पकड़ मां-बहन की गाली देते हुए हाथ-मुक्कों तथा पत्थर से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से उसके चेहरे, आंख, नाक और कंधे में चोटें आई हैं। शिकायत में बताया गया है कि इसी दौरान मृत्युंजय का बड़ा भाई विश्वनाथ विश्वास भी उसी रास्ते से वहां पहुंच गया। उसे आते देख तीनों आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से मौके से भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित ने जयनगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत किया है। सूचना पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।








