आक्रामक व्यवहार और लगातार जनहानि के बाद बदली रणनीति, रमकोला के रेस्क्यू सेंटर में क्राल बनाकर रखा जाएगा हाथी; विशेषज्ञों की टीम संभालेगी रेस्क्यू ऑपरेशन
अंबिकापुर। सरगुजा और सूरजपुर जिले में दहशत का पर्याय बन चुके कबरा हाथी को लेकर वन विभाग ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। अब हाथी को ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाने के बाद जंगल में छोड़ने के बजाय सीधे रमकोला स्थित रेस्क्यू सेंटर ले जाने की तैयारी की जा रही है। लगातार 18 लोगों की जान ले चुके इस हाथी के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए वन विभाग ने यह निर्णय लिया है। अधिकारियों का मानना है कि केवल कॉलर आईडी लगाकर घने जंगल में छोड़ देने से उसके व्यवहार में बदलाव आने की संभावना कम है।
कुमकी हाथियों की मदद से ट्रक में होगा लोड
पहले वन विभाग की योजना कबरा हाथी को बेहोश कर कॉलर आईडी लगाने और तमोर पिंगला के घने जंगल में छोड़ने की थी। लेकिन लगातार हो रही जनहानि और हाथी की आक्रामकता को देखते हुए अब उसे नियंत्रित वातावरण में रखने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए हाथी को ट्रेंकुलाइज करने के बाद कुमकी हाथियों की सहायता से ट्रक में लोड कर रमकोला रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया जाएगा। ऑपरेशन के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन के नेतृत्व में टीम भी पहुंच रही है।
रेस्क्यू सेंटर में हाथी को क्राल में रखा जाएगा। यह लोहे के गर्डर अथवा मोटी लकड़ियों से तैयार विशेष घेरा होता है, जिसमें हाथी की गतिविधियों को सीमित रखा जाता है।
उमेश्वरपुर में महिला को कुचलकर मार डाला
कबरा हाथी का आतंक बुधवार रात एक बार फिर देखने को मिला। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत उमेश्वरपुर में रात करीब 11 बजे हाथी ने 45 वर्षीय दिलासो बाई को कुचलकर मार डाला। बताया गया कि गांव में हाथी आने की सूचना मिलने पर दिलासो बाई अपने पति अर्जुन मरावी और बेटे के साथ पड़ोसियों को सतर्क करने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान बेटा दरवाजा बंद करने के लिए पीछे रुक गया और दिलासो बाई अचानक हाथी की चपेट में आ गई। हाथी ने उसे मौके पर ही कुचल दिया।
उदयपुर में स्कूल के पास जंगल में डटा हाथी
महिला की जान लेने के बाद कबरा हाथी रातोंरात लक्ष्मीपुर, खरसुरा, खोंधला, सलका और जरहाडीह होते हुए सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र पहुंच गया। फिलहाल वह उदयपुर जनपद पंचायत कार्यालय के सामने झिरमिटी में स्वामी आत्मानंद स्कूल के बगल स्थित जंगल में मौजूद है। हाथी की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग घरों से निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं।
पांच स्थानों से निगरानी, ड्रोन से रखी जा रही नजर
वन विभाग की पांच टीमें अलग-अलग स्थानों से हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। ड्रोन की मदद से जंगल में उसकी लोकेशन लगातार ट्रैक की जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
स्कूलों में घोषित की गई छुट्टी
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडेय ने जंगल से एक किलोमीटर के दायरे में स्थित स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। इनमें स्वामी आत्मानंद स्कूल उदयपुर के अलावा डूमरडीह, धौरापारा, ललमटियापारा और जरहाडीह के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।
मौके पर सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल, रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे, बीईओ मृत्युंजय पांडेय सहित वन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद हैं। उल्लेखनीय है कि कबरा हाथी दीपावली की रात दो ग्रामीणों की जान ले चुका है। इसके अलावा एक नवंबर को सरगुजा-सूरजपुर सीमा पर दो लोगों और आठ नवंबर को भी एक ग्रामीण को मौत के घाट उतार चुका है। लगातार बढ़ती जनहानि के कारण अब वन विभाग के सामने इस हाथी का सुरक्षित रेस्क्यू सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।










