बलरामपुर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसंतपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते
हुए करोड़ों रुपये मूल्य की गांजे की विशाल खेप बरामद की है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक को पकड़कर भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई को बलरामपुर जिले में अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से गांजे की खेप उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर बसंतपुर थाना पुलिस ने देर रात विशेष घेराबंदी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और रणनीति बनाकर कार्रवाई शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि तस्कर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अपने मंसूबों को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनका प्रयास विफल हो गया। भोर लगभग 3 बजे पुलिस ने ट्रक को घेरकर रोक लिया और तलाशी के दौरान उसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान ट्रक में सवार दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तरप्रदेश के सहारनपुर निवासी लौकेश तथा मुजफ्फरनगर निवासी आमिर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के खिलाफ गांजा तस्करी से जुड़े पुराने रिकॉर्ड होने
की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
इस पूरी कार्रवाई में बसंतपुर थाना पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम भी मौके पर मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद गांजे की मात्रा इतनी अधिक है कि उसकी नाप-तौल करने में पुलिस कर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है। समाचार लिखे जाने तक गांजे की कुल मात्रा का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया था।
हालांकि प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक जब्त गांजे की कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में इससे पहले इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कभी बरामद नहीं किया गया था। यही वजह है कि इस कार्रवाई की चर्चा पूरे जिले में तेजी से हो रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजे की खेप किन स्थानों तक पहुंचाई जानी थी। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल बसंतपुर पुलिस की कार्रवाई जारी है और बरामद गांजे की अंतिम मात्रा तथा बाजार मूल्य का आंकड़ा सामने आने का इंतजार किया जा रहा है। जिले में हुई इस बड़ी कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।










