बलरामपुर / कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (वीबी-जी रामजी) के अंतर्गत जिले
में हरित विकास एवं ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम कोठली में वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान एक ही स्थल पर 1717 नाशपाती के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और आजीविका संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। 
इस अवसर पर सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैंकरा ने नाशपती के पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प है।
जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने भी पौधरोपण कर कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिला समूहों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। ऐसे प्रयास हरित विकास और सतत आजीविका को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने
उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में हरित आवरण का विस्तार करने के साथ-साथ फल उत्पादन के माध्यम से ग्रामीणों के लिए आय के नए अवसर सृजित करना है।
पौधरोपण के उपरांत इन पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी जाएगी। समूह की महिलाएं पौधों की सिंचाई, सुरक्षा एवं आवश्यक देखरेख सुनिश्चित करेंगी, ताकि सभी पौधे स्वस्थ रूप से विकसित होकर भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस दौरान ग्राम की एक महिला श्रीमती प्रभावती दिवाकर ने अपनी बेटी ऋषिका रवि के नाम पर नाशपाती का पौधा रोपित कर बेटी के प्रति स्नेह और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया। उन्होंने कहा की जिस तरह मैं अपनी बेटी का लालन-पालन और देखभाल करती हूं, उसी तरह इस पौधे का भी पूरे मन से लालन-पालन करूंगी। यह पौधा मेरी बेटी के साथ-साथ बढ़ेगा और भविष्य में फल देकर उसे प्रकृति का उपहार भी देगा।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक नाशपाती का पौधा रोपित किया। कक्षा 10 वीं की एक छात्रा गायत्री पैकरा ने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। गायत्री पैकरा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इसमें सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हिरामुनि निकुंज, जनपद अध्यक्ष श्रीमती चिंतामणि भगत, सरपंच कोठली श्रीमती पुष्पा पैकरा, जनपद सीईओ श्री वेद प्रकाश पांडेय, सहायक संचालक उद्यान श्री कमलेश साहू विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










