Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर। इंपैक्ट इंडिया फाउंडेशन द्वारा संचालित अत्याधुनिक अस्पताल ट्रेन लाइफ लाइन एक्सप्रेस एक बार फिर बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। छह कोच वाली यह हॉस्पिटल ट्रेन 14 अगस्त को स्टेशन पहुंचेगी, जबकि 15 अगस्त से 14 सितंबर तक एक माह का विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सरगुजा संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।हालांकि इस बार रेलवे प्रशासन द्वारा लाइफ लाइन एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ा करने की अनुमति दिए जाने से मरीजों, उनके परिजनों और आयोजन समिति की चिंताएं बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में पुराने गुड्स प्लेटफॉर्म के पक्कीकरण कार्य के दौरान स्टेशन के दूसरी ओर अस्थायी प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है, जहां बारिश के कारण कीचड़ और दलदल की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में मरीजों को स्टेशन से शिविर स्थल तक पहुंचने के लिए रेल लाइन पार कर दूसरी ओर जाना पड़ेगा, जो ट्रेनों की आवाजाही के बीच जोखिम भरा साबित हो सकता है।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म-2 के आसपास मरीजों और उनके परिजनों के ठहरने, कैंप लगाने तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी कठिनाइयों की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और रेलवे से मांग की है कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी लाइफ लाइन एक्सप्रेस को एक नंबर गुड्स प्लेटफॉर्म पर खड़ा कराया जाए, ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानी और जोखिम का सामना न करना पड़े।
रेलवे मंडल कार्यालय (डीआरएम) की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्लेटफॉर्म-2 पर ट्रेन के एक माह तक ठहराव की अनुमति दी गई है। शिविर के सफल संचालन के लिए रेलवे प्रशासन ने बिजली, पेयजल, बैटरी चार्जिंग, रैक सुरक्षा, साफ-सफाई, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित
अधिकारियों को सौंपी है। ये अधिकारी जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर शिविर के संचालन में सहयोग करेंगे।
अधिकारियों को सौंपी है। ये अधिकारी जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर शिविर के संचालन में सहयोग करेंगे।मिलेंगी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं
एक माह तक चलने वाले इस शिविर में आंखों की सर्जरी, कान-नाक-गला (ईएनटी) संबंधी ऑपरेशन, बच्चों की जन्मजात विकृतियों की सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, दंत चिकित्सा, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की जांच तथा जागरूकता जैसी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि लाइफ लाइन एक्सप्रेस एक चलती-फिरती अत्याधुनिक अस्पताल ट्रेन है, जिसमें आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और आवश्यक चिकित्सीय उपकरण मौजूद हैं। बिश्रामपुर में इससे पहले भी करीब आधा दर्जन बार इस ट्रेन के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनका लाभ हजारों मरीजों ने उठाया है। इस बार भी ट्रेन के आगमन से सरगुजा संभाग के जरूरतमंद मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।










