चांदनी बिहारपुर । थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार पीड़िता कोरिया जिले की रहने वाली है। वह किसी पारिवारिक कार्य से अपने रिश्तेदार के यहां चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र आई हुई थी। काम पूरा होने के बाद जब वह अपने घर लौटने के लिए बस स्टैंड पहुंची तो उसकी बस छूट चुकी थी। इसके बाद वह घर जाने के लिए किसी अन्य वाहन अथवा साधन का इंतजार कर रही थी।इसी दौरान चार युवकों ने कथित रूप से महिला को अपने झांसे में लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकली और अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।बताया गया है कि पीड़िता ने सबसे पहले कोरिया जिले में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि घटना का स्थान चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र में
आता है। इसके बाद मामला संबंधित थाना क्षेत्र को हस्तांतरित किया गया। चांदनी पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है तथा सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि न्यायालय में मजबूत अभियोजन प्रस्तुत किया जा सके। अधिकारियों ने यह भी कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध के मामलों में पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










