Written by
Bureau Report
बिश्रामपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत कोयलांचल में गुरुवार को महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा शासकीय कन्या हाई स्कूल बिश्रामपुर से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौक तक पहुंची और निर्धारित मार्ग से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में पहुंच संपन्न हुई। करीब दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा थामे स्कूली छात्र-छात्राएं, नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी-कर्मचारी देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान-शान का प्रतीक है और हर नागरिक का दायित्व है कि वह तिरंगे के सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ बनाए।आयोजन में वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, नपं अध्यक्ष रितेश जायसवाल, सुभाष गोयल, अजय गोयल, रमेश दनौदिया, कृष्ण कुमार जिंदल, कृष्ण कुमार गोयल, अशोक अग्रवाल, शिवनंदनपुर नपं उपाध्यक्ष अंशुल गोयल पार्षद श्यामू साहू, प्रमिला साहू, मंजू गोयल, विमला सिंह, बृजेन्द्र सिंह, अंजली देवी, हर्ष दनौदिया, संतोष जायसवाल, वर्षा जायसवाल, चंदन सिंह, मनी बग्गा, अहमद वाहिद, दीपमाला सोनी, प्रशांत अग्रवाल सहित संत सिंह, देवधन राम बिंझिया, मंडल अध्यक्ष हरीश राजवाड़े, नपं बिश्रामपुर उपाध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह चौहान, राजकिशोर चौधरी, शंकर यादव, समीर सिंह, शीतीकांत स्वाई, रविशंकर बउआ सूरज शेट्टी, संदीप सरकार, तारक मंडल, नगर पंचायत सीएमओ सुनील सिन्हा, सुरजपुर बीईओ हरेंद्र सिंह, पिलखा नायब तहसीलदार मीना सिंह व अन्य उपस्थित रहे। यात्रा में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विश्रामपुर, स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय विश्रामपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल विश्रामपुर, राजकुमार पब्लिक स्कूल, कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल, गुरुकुल पब्लिक स्कूल तथा स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी एवं
शिक्षक शामिल हुए। लोग स्वप्रेरित होकर जगह-जगह पुष्प की वर्षा कर रहे थे। 250 फीट लंबे तिरंगा के साथ विद्यार्थियों शिक्षकों एवं नागरिकों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हुए राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया।कार्यक्रम का संचालन तिरंगा यात्रा प्रभारी गौरीशंकर पाण्डेय ने किया।पार्षदों की उपेक्षा पर सभी ने किया मंच कार्यक्रम का बहिष्कार
तिरंगा यात्रा के उपरांत कन्या विद्यालय में आयोजित मंच कार्यक्रम में शिवनंदपुर नपं के पार्षदों की उपेक्षा किए जाने से सभी पार्षदों में नाराजगी देखने को मिली। पार्षदों का आरोप है कि कार्यक्रम में बाहर से आए अतिथियों का सम्मान दूसरे पंचायत के पार्षदों एवं नेताओं से कराया गया, जबकि स्थानीय पार्षदों को सम्मान एवं उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। इससे नाराज होकर शिवनंदनपुर नगर पंचायत के पार्षदों ने सामूहिक रूप से मंच कार्यक्रम का विरोध कर कार्यक्रम का बहिष्कार कर वहां से वापस लौट आए। पार्षदों ने कहा कि अपने ही क्षेत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान एवं प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए।










