बलरामपुर / नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 17 से 23 अगस्त तक सात दिवसीय बने खाबों बने रहिबो 2.0 सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। आगामी रक्षा बंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए अभियान के तहत खाद्य पदार्थों में मिलावट, मिथ्याछाप, भ्रामक जानकारी, असुरक्षित खाद्य पदार्थों तथा प्रतिबंधित एनालॉग डेयरी उत्पादों के निर्माण, वितरण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है।
अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि रक्षा बंधन पर्व के पूर्व जिले में संचालित मिठाई दुकानों, डेयरी एवं किराना दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित कर परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात अमानक पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के संबंध में नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।










