उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डोई में मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जर में अतिरिक्त तार जोड़कर बिजली के प्लग में लगाना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। लापरवाहीपूर्वक किए गए इस प्रयोग के दौरान करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मृतक रविंद्र सिंह का चाचा ठाकुर सिंह सब्जी लेने अपने भतीजे के घर पहुंचा। घर के अंदर उसने अपने भतीजे को जमीन पर गिरा हुआ देखा। आवाज लगाने पर युवक ने बताया कि बिजली मार रहा है, तार को छुड़ाओ।
ठाकुर सिंह ने तत्काल बिजली बोर्ड से तार हटाया। बताया गया कि युवक ने मोबाइल चार्जर में अतिरिक्त तार जोड़कर उसे बिजली के प्लग में लगाया था। इसी दौरान तार में उसके दोनों हाथों की तर्जनी उंगलियां चिपक गईं और वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन आनन-फानन में युवक को सीएचसी उदयपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर उदयपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।









