बलरामपुर, / सेवा संकल्प अभियान की ‘‘नमो सेवा – अनकही कहानियां’’ पहल के तहत गांव-गांव तक सेवा, जनकल्याण और बदलाव की कहानियां नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से पहुंचाई जा रही हैं। इसी कड़ी में आज विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम बचवार में भारत पेट्रोलियम पंप परिसर के पास अरुण प्रताप सिंह देव शासकीय महाविद्यालय शंकरगढ़ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।
महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं और एनएसएस स्वयंसेवकों ने सहज और जीवंत अभिनय के जरिए लोगों को स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का संदेश
दिया। रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े दृश्यों और सरल संवादों ने राहगीरों व ग्रामीणों को रुककर देखने पर मजबूर कर दिया। मंचन के बाद उपस्थित जनसमूह ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने अभियान अवधि में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जनजागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करने का संकल्प लिया।










