अम्बिकापुर / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, अम्बिकापुर में प्लास्टिक मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश देना था।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्लास्टिक मुक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण, जल, भूमि एवं जीव-जंतुओं पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए इसके उपयोग को बंद करने का संदेश दिया। साथ ही दैनिक जीवन में प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े एवं जूट के थैलों सहित अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को
अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संदेश दिया कि प्लास्टिक प्रदूषण को रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। छोटे-छोटे प्रयासों से पर्यावरण को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाया जा सकता है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।










