विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर खेलों के माध्यम से करियर बनाने का दिया संदेश
रामानुजनगर। विकासखंड रामानुजनगर में आयोजित चार दिवसीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का समापन 9 अक्टूबर को क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस खेल महाकुंभ में महिला एवं पुरुष वर्ग के 14 से 17 वर्ष तथा 17 वर्ष से अधिक आयु के सीनियर एवं जूनियर खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 939 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का परिचय दिया।22 खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
चार दिनों तक चले सरगुजा ओलंपिक में फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती, कराटे, तीरंदाजी, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, तवा फेंक, गोला फेंक, रस्साकशी, रिले रेस सहित 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी खेलों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
विधायक ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक भूलन सिंह मरावी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। खेलों के माध्यम से युवा अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं तथा मेहनत और लगन के बल पर खेल के क्षेत्र में बेहतर करियर बना सकते हैं।उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने, अपनी प्रतिभा को निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।अतिथियों ने किया खिलाड़ियों को सम्मानित
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष रामप्रताप साहू, जनपद सदस्य कवल साय, अनिता सिंह, संध्या राजवाड़े, मंडल अध्यक्ष पवन सिंह पूर्व मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश, सुमंत साहू, सुंदर सिंह, सागर सिंह, अक्षय सिंह, उपाध्याय तथा प्राचार्य पी.सी. सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश सेंगर ने किया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिभागियों को
स्मृति स्वरूप पौधे भेंट किए। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा विशेष योगदान चार दिवसीय सरगुजा ओलंपिक के सफल आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था में बीपीओ रविनाथ तिवारी, बीआरसी विजय साहू, जगसाय अनुज बाबू एवं देवचंद सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विभिन्न खेल विधाओं का सफल संचालन कराने में पीटीआई सुनीता राजवाड़े, सुकलाल यदु, अजित केरकेट्टा, सेलिना मिंज,नवीन राठौर, शिक्षक मानवेल टोप्पो, श्याम मरावी, संकुल समन्वयक उत्तम सिंह, लुकेश्वर सिंह, उत्तम मनहर, निरंजन सिंह, राम दयाल, मनोज प्रजापति, रामकृपाल साहू, बिहारी साहू, दिवान पैकरा, नीलम दास, प्रियंका सिंह, यशोदा सिंह एवं अनिता कंवर का सराहनीय योगदान रहा।कार्यक्रम का सफल संचालन विनय चौरसिया ने किया।
00 खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मिला मंच
सरगुजा ओलंपिक के सफल आयोजन से विकासखंड रामानुजनगर के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिला। चार दिनों तक चले इस आयोजन ने युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग और खेल भावना का संदेश दिया। समारोह का समापन खिलाड़ियों एवं उपस्थित अतिथियों के उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।










