बलरामपुर / कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी श्री शशांक शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में अन्य प्रांत की मिलावटी मदिरा के विरुद्ध अभियान जारी है। इसी क्रम में जिला स्तरीय आबकारी उड़नदस्ते ने चांदो थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरियाडीह में कार्रवाई की। टीम ने 29 वर्षीय आरोपी अरविन्द कुमार, पिता रामचंद्र प्रसाद, के कब्जे से झारखंड राज्य में विक्रय हेतु निर्मित 11.6 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त किया।
मौके से मिलावट के लिए धोकर रखी गई 51 खाली शीशियाँ और शीशियों को सील पैक करने के लिए 560 ढक्कन भी बरामद किए गए। इससे स्पष्ट है कि आरोपी दूसरे राज्य की मदिरा में मिलावट कर उसे दोबारा पैक करने की तैयारी में
था। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
प्रकरण की विवेचना परिवीक्षाधीन आबकारी उपनिरीक्षक श्री मनीष कुमार चंद्रा कर रहे हैं। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्री चन्द्रदीप भगत और श्री अभिषेक राजवाड़े, मुख्य आरक्षक श्री धर्मजीत राम शर्मा, आरक्षक श्री सचिन यादव और श्री प्रभात गुप्ता, महिला नगर सैनिक कलिस्ता एक्का और हेमंती तिर्की तथा वाहन चालक श्री दिनेश यादव शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध और मिलावटी मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर जिले में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









