हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों पर टिप्पणी का आरोप, कुनकुरी पुलिस ने बीएनएस की धारा 199 और 299 के तहत दर्ज किया मामला
जशपुरनगर। हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में कुनकुरी पुलिस ने शिक्षक हेमंत बेदी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, करनैल सिंह ने 15 अक्टूबर को कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि हेमंत बेदी ने अपने फेसबुक अकाउंट
पर हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट की थी। इससे हिंदू धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई थी। विश्व हिंदू परिषद की ओर से भी इस मामले में शिकायत की गई थी।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश के दौरान कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम पतराटोली के आश्रित ग्राम बिहावल में उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा
, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
थाना प्रभारी भूपेंद्र चंद्रा के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 199 और 299 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।









