Written by
Bureau Report
लापरवाही हादसे का कारण बना
बिश्रामपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर ग्राम पंचायत केशवनगर में गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान बरती गई कथित लापरवाही से बाइक सवार दो युवक हादसे का शिकार हो गए। केशवनगर ढोढ़ी के पास सड़क पर रखे मिट्टी के ढेर से टकराकर मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को पहले जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। मामले में बिश्रामपुर पुलिस ने विचित्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम सायर निवासी प्रदीप सोनवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 22 अक्टूबर की शाम करीब 6.50 बजे उनका छोटा भाई बृज कुमार उर्फ रंगु अपने दोस्त कन्हैया लाल के साथ मोटरसाइकिल से सूरजपुर से घर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम पंचायत
केशवनगर में ढोढ़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई से निकली मिट्टी सड़क पर पड़ी थी। आरोप है कि मौके पर न तो पर्याप्त सुरक्षा संकेत लगाए गए थे और न ही वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए समुचित व्यवस्था की गई थी। सड़क पर मिट्टी का ढेर दिखाई नहीं देने के कारण मोटरसाइकिल उस पर चढ़ गई, जिससे दोनों युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई है। दोनों युवकों को उपचार के लिए सूरजपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया है।घटना की शिकायत पर पुलिस ने विचित्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 और 125 (ए) के तहत एफआईआर दर्ज की है।









